GSEB Std 10 Hindi Chapter 3 Savaiye Swadhyay Solution: અહીં ધોરણ 10 હિન્દી (દ્વિતીય ભાષા) ના પાઠ 3 "सवैये" (રસખાન) નો કવિ પરિચય, ચારેય સવૈયા અને તેનો ભાવાર્થ, શબ્દાર્થ તથા સ્વાધ્યાયના તમામ પ્રશ્નોના જવાબ હિન્દીમાં આપેલ છે.

✦ सवैये और भावार्थ ✦
कवि परिचय : रसखान (जन्म : सन् 1548 ई., निधन : सन् 1628 ई.) का असली नाम सैयद इब्राहिम था । गोस्वामी विट्ठलनाथजी से दीक्षा लेकर उन्होंने ब्रज में रहकर कृष्ण-भक्ति के पद लिखे । 'सुजान रसखान', 'प्रेमवाटिका' और 'रसखान रचनावली' उनकी प्रसिद्ध रचनाएँ हैं ।
मानुष हौं तो वही 'रसखान', बसौं मिलि गोकुल गाँव के ग्वारन ।
जो पसु हौं तो कहा बस मेरो, चरौं नित नंद की धेनु मँझारन ॥
पाहन हौं तो वही गिरि को, जो धर्यो कर छत्र पुरंदर कारन ।
जो खग हौं तो बसेरो करौं मिलि कालिंदी-कूल कदंब की डारन ॥ 1 ॥
भावार्थ : रसखान कहते हैं कि यदि मैं अगले जन्म में मनुष्य बनूँ तो गोकुल गाँव के ग्वालों के बीच रहूँ । यदि पशु बनूँ तो नंद की गायों के बीच नित्य चरूँ । यदि पत्थर बनूँ तो उस गोवर्धन पर्वत का बनूँ जिसे कृष्ण ने इन्द्र के कोप से ब्रज को बचाने के लिए छत्र की तरह उँगली पर उठाया था । यदि पक्षी बनूँ तो यमुना किनारे कदंब की डालों पर बसेरा करूँ ।
या लकुटी अरु कामरिया पर, राज तिहूँ पुर को तजि डारौं ।
आठहुँ सिद्धि, नवो निधि को सुख, नंद की धेनु चराय बिसारौं ॥
'रसखान' कबौं इन आँखिन सो, ब्रज के बन बाग तड़ाग निहारौं ।
कोटिकहू कलधौत के धाम, करील के कुंजन ऊपर वारौं ॥ 2 ॥
भावार्थ : कृष्ण की लाठी और कंबल के लिए कवि तीनों लोकों का राज्य त्यागने को तैयार है । नंद की गायें चराने के सुख में वह आठों सिद्धियों और नवों निधियों का सुख भी भूल जाएगा । वह चाहता है कि अपनी आँखों से ब्रज के वन, बाग और तालाब निहारता रहे । ब्रज की करील की कुंजों पर वह करोड़ों सोने के महल भी न्यौछावर कर देगा ।
जा दिन तै वह नंद को छोहरो, या बन धेनु चराइ गयो है ।
मोहिनी ताननि गोधन गाइकै, बेनु बजाइ रिझाइ गयो है ॥
ताही घरी कछु टोना सो कै, 'रसखान' हिये में समाइ गयो है ।
कोऊ न काहू की कानि करै, सिगरो ब्रज बीर बिकाइ गयो है ॥ 3 ॥
भावार्थ : एक गोपी अपनी सखी से कहती है कि जिस दिन से नंद का बेटा कृष्ण इस वन में गायें चराने आया है और मोहक तानों में गीत गाकर, बाँसुरी बजाकर सबको रिझा गया है, उसी घड़ी से जैसे कोई जादू करके वह हृदय में समा गया है । अब कोई किसी की लाज-मर्यादा नहीं रखता; सारा ब्रज उसके हाथ बिक गया है ।
मोर-पखा सिर ऊपर राखिहौं, गुंज की माल गरे पहिरौंगी ।
ओढ़ि पितांबर, लै लकुटी बन, गोधन ग्वारिन संग फिरौंगी ॥
भावतो वोहि मेरो रसखानि, सो, तेरे कहे सब स्वाँग भरौंगी ।
पै मुरली मुरलीधर की, अधरान-धरी अधरा न धरौंगी ॥ 4 ॥
भावार्थ : गोपी कहती है कि कृष्ण को रिझाने के लिए मैं सिर पर मोरपंख रखूँगी, गले में गुंजा की माला पहनूँगी, पीतांबर ओढ़कर, हाथ में लाठी लेकर ग्वालिनों के साथ वन में गायें चराती फिरूँगी । तेरे कहने पर कृष्ण का हर स्वाँग भरूँगी, परंतु कृष्ण के होठों पर रखी हुई मुरली को अपने होठों पर नहीं रखूँगी, क्योंकि वह मुरली कृष्ण के अधरों पर रहकर हमारी सौतन बन गई है ।
✦ शब्दार्थ ✦
| शब्द | अर्थ | शब्द | अर्थ |
|---|---|---|---|
| मानुष | मनुष्य | कामरिया | कम्बल |
| बसौ | रहना करूँ | तिहूँ | तीनों |
| मँझारन | मध्य, बीच | पुर | लोक |
| पाहन | पत्थर | बिसरौं | भूल जाऊँ |
| पुरन्दर | इन्द्र | कोटिक | करोड़ |
| कालिंदी-कूल | यमुना नदी का किनारा | करील | एक कँटीला वृक्ष |
| लकुटी | लाठी | कलधौत के धाम | सोने के राजमहल |
✦ स्वाध्याय ✦
1. सही विकल्प चुनकर उत्तर लिखिए :
(1) यमुना किनारे कदंब की डाल पर रसखान किस रूप में बसना चाहते हैं ?
उत्तर : (क) पक्षी
(2) आठ सिद्धि और नव निधि का सुख प्राप्त होता है .....
उत्तर : (अ) नंद की धेनु चराने में ।
(3) कलधौत के धाम का अर्थ होता है .....
उत्तर : (ब) सोने का राजमहल ।
(4) गोपी गले में ........ माला पहनना चाहती है ।
उत्तर : (ड) गुंजे की
2. निम्नलिखित प्रश्नों के एक-एक वाक्य में उत्तर लिखिए :
(1) मनुष्य के रूप में रसखान कहाँ बसना चाहते हैं ?
उत्तर : मनुष्य के रूप में रसखान गोकुल गाँव के ग्वालों के बीच बसना चाहते हैं ।
(2) पशु के रूप में कवि कहाँ निवास करना चाहते हैं ?
उत्तर : पशु के रूप में कवि नंद की गायों के बीच निवास करना चाहते हैं ।
(3) रसखान किस पर्वत का पत्थर बनना चाहते हैं ?
उत्तर : रसखान गोवर्धन पर्वत का पत्थर बनना चाहते हैं ।
(4) पशुयोनि में जन्म मिलने पर कवि क्या करना चाहते हैं ?
उत्तर : पशुयोनि में जन्म मिलने पर कवि नंद की गायों के बीच नित्य चरना चाहते हैं ।
3. निम्नलिखित प्रश्नों के दो-तीन वाक्यों में उत्तर लिखिए :
(1) लकुटी लेकर रसखान क्या करना चाहते हैं ? क्यों ?
उत्तर : लकुटी (लाठी) लेकर रसखान नंद की गायें चराना चाहते हैं, क्योंकि इससे उन्हें कृष्ण का सामीप्य मिलेगा । इस सुख के सामने वे आठों सिद्धियों और नवों निधियों का सुख भी भूल जाते हैं ।
(2) श्रीकृष्ण को रिझाने के लिए गोपी क्या-क्या करना चाहती है ?
उत्तर : गोपी सिर पर मोरपंख रखना, गले में गुंजा की माला पहनना, पीतांबर ओढ़कर हाथ में लाठी लेकर ग्वालिनों के साथ वन में गायें चराना चाहती है । वह कृष्ण के सारे स्वाँग भरने को तैयार है ।
(3) गोपी कृष्ण की मुरली को अपने अधरों पर क्यों नहीं रखना चाहती ?
उत्तर : गोपी मुरली को अपनी सौतन मानती है, क्योंकि वह सदा कृष्ण के अधरों से लगी रहती है । इसलिए ईर्ष्यावश वह कृष्ण के अधरों पर रखी मुरली को अपने अधरों पर नहीं रखना चाहती ।
4. निम्नलिखित प्रश्नों के चार-पाँच वाक्यों में उत्तर लिखिए :
(1) रसखान श्रीकृष्ण का सामीप्य किन रूपों में किस प्रकार चाहते हैं ?
उत्तर : रसखान हर जन्म में कृष्ण के निकट रहना चाहते हैं । मनुष्य बनें तो गोकुल के ग्वालों के बीच बसना चाहते हैं । पशु बनें तो नंद की गायों के बीच चरना चाहते हैं । पत्थर बनें तो उस गोवर्धन पर्वत का बनना चाहते हैं जिसे कृष्ण ने उँगली पर उठाया था । पक्षी बनें तो यमुना किनारे कदंब की डाल पर बसेरा करना चाहते हैं ।
(2) कवि श्रीकृष्ण से संबंधित किन वस्तुओं की अभिलाषा करता है ? इनके लिए वह किन वस्तुओं को छोड़ने के लिए तैयार है ?
उत्तर : कवि कृष्ण की लकुटी (लाठी) और कामरिया (कंबल), नंद की गायें चराने का सुख तथा ब्रज के वन, बाग, तालाब और करील की कुंजों को निहारने की अभिलाषा करता है । इनके लिए वह तीनों लोकों का राज्य, आठों सिद्धियों और नवों निधियों का सुख तथा करोड़ों सोने के महल त्यागने को तैयार है ।
(3) कृष्ण की मुरली का ब्रज की स्त्रियों पर क्या प्रभाव पड़ा ?
उत्तर : कृष्ण ने वन में गायें चराते समय मोहक तानों में गीत गाकर और बाँसुरी बजाकर ब्रज की स्त्रियों को रिझा लिया । जैसे किसी ने जादू कर दिया हो, कृष्ण उनके हृदय में समा गए । अब वे लोक-लाज और मर्यादा की परवाह नहीं करतीं । सारा ब्रज कृष्ण के प्रेम में बिक गया है ।
(4) कृष्ण के प्रति अपनी भक्ति प्रदर्शित करने के लिए रसखान क्या-क्या न्यौछावर करना चाहते हैं ?
उत्तर : रसखान कृष्ण की लाठी और कंबल पर तीनों लोकों का राज्य न्यौछावर करना चाहते हैं । गायें चराने के सुख पर वे आठों सिद्धियों और नवों निधियों का सुख भुला देना चाहते हैं । ब्रज की करील की कुंजों पर वे करोड़ों सोने के महल न्यौछावर करने को तैयार हैं । इस प्रकार उनकी भक्ति में संपूर्ण समर्पण दिखाई देता है ।
5. उचित जोड़े बनाइए :
| 'अ' | 'ब' |
|---|---|
| मनुष्य | गोकुल गाँव |
| पशु | नंद की गाय |
| पक्षी | यमुना के किनारे कदंब की डाल |
| पत्थर | गोवर्धन पर्वत |
✦ योग्यता-विस्तार एवं शिक्षक-प्रवृत्ति ✦
'सवैये' कंठस्थ करके उनका सस्वर पठन कीजिए ।
रसखान का एक अन्य सवैया :
"धूरि भरे अति सोभित स्यामजू, तैसी बनी सिर सुंदर चोटी ।
खेलत खात फिरैं अँगना, पग पैंजनी बाजति पीरी कछोटी ॥"
सूरदास से तुलना : सूरदास ने कृष्ण के बाल-सौंदर्य और बाल-लीलाओं का वात्सल्यपूर्ण वर्णन किया है, जबकि रसखान के सवैयों में कृष्ण के रूप-माधुर्य के साथ ब्रजभूमि के प्रति अनन्य प्रेम और समर्पण विशेष रूप से दिखाई देता है । दोनों ने ब्रजभाषा में सरस और भावपूर्ण रचना की है ।
Comments
Post a Comment