GSEB Std 10 Hindi Chapter 6 Kalidas Ka Pranipremi Swadhyay Solution: અહીં ધોરણ 10 હિન્દી (દ્વિતીય ભાષા) ના પાઠ 6 "कालिदास का प्राणीप्रेम" (મોહન રાકેશ) નો લેખક પરિચય, નાટ્યાંશનો સાર, શબ્દાર્થ, સ્વાધ્યાયના તમામ પ્રશ્નો તથા વ્યાકરણના જવાબ હિન્દીમાં આપેલ છે.

✦ लेखक परिचय और पाठ का सारांश ✦
लेखक परिचय : मोहन राकेश (जन्म : सन् 1925 ई., निधन : सन् 1972 ई.) का जन्म अमृतसर में हुआ था । उनका असली नाम मदन मोहन गुगलानी था । वे हिन्दी के प्रसिद्ध नाट्यकार, उपन्यासकार और कहानीकार हैं । 'आषाढ़ का एक दिन', 'आधे अधूरे', 'लहरों के राजहंस' उनके प्रसिद्ध नाटक हैं ।
पाठ का सारांश (मूल नाट्यांश पाठ्यपुस्तक से पढ़ें) : यह अंश 'आषाढ़ का एक दिन' नाटक से लिया गया है । कालिदास बाण से घायल एक हरिणशावक को बाँहों में लेकर मल्लिका के घर आते हैं और उसे प्यार से पुचकारते हुए कहते हैं कि हम जिएँगे, एक बाण प्राण ले सकता है तो उँगलियों का कोमल स्पर्श प्राण दे भी सकता है । मल्लिका दूध लाती है और कालिदास हरिणशावक को दूध पिलाते हैं ।
तभी राजपुरुष दन्तुल वहाँ आता है । हरिणशावक उसके बाण से घायल हुआ था, इसलिए वह उसे अपनी संपत्ति बताकर वापस माँगता है और कालिदास पर व्यंग्य करता है । कालिदास कहते हैं कि इस प्रदेश में हरिणों का आखेट नहीं होता; यह हरिणशावक इस पार्वत्य-भूमि की संपत्ति है और यहाँ के निवासी होने के कारण वे उसके सजातीय हैं, इसलिए वे उसे नहीं सौंपेंगे । मल्लिका की माँ अम्बिका कहती है कि घर के तल्प और आस्तरण पशुओं के लिए नहीं हैं, तब कालिदास हरिणशावक को अपनी बाँहों में लेकर अपने घर चले जाते हैं ।
दन्तुल तलवार की मूठ पर हाथ रखकर उनके पीछे जाना चाहता है, पर मल्लिका रोककर कहती है – 'तुम्हारे लिए प्रश्न अधिकार का है, उनके लिए संवेदना का ।' जब दन्तुल को पता चलता है कि वे 'ऋतुसंहार' के कवि कालिदास हैं, जिन्हें उज्जयिनी का राज्य राजकवि का सम्मान देना चाहता है, तो वह अपनी अशिष्टता पर खेद प्रकट कर क्षमा माँगने चला जाता है ।
संदेश : मारनेवाले से बचानेवाला महान है । पशु-पक्षी हमारे मित्र हैं; हमें जीवदया रखनी चाहिए ।
✦ शब्दार्थ ✦
| शब्द | अर्थ | शब्द | अर्थ |
|---|---|---|---|
| हरिणशावक | हिरण का बच्चा, मृगछौना | सामुद्रिक | हस्तरेखा विद्या, ज्योतिष |
| आस्तरण | बिछौना, गद्दा | आखेट | शिकार |
| कुलांच | चौकड़ी भरना | पार्वत्य | पर्वतीय |
| घृतः | घी | अपवाद | निंदा |
| भाजन | पात्र, बरतन | व्यथित | दुःखी |
| अनुसरण | पीछे-पीछे चलना | तल्प | शय्या, अटारी |
✦ स्वाध्याय ✦
1. सही विकल्प चुनकर उत्तर लिखिए :
(1) हरिणशावक इनमें से किसके बाणों से घायल हुआ था ?
उत्तर : (क) दन्तुल
(2) कालिदास हरिणशावक के अंगों पर ........ का लेप लगाना चाहता है ।
उत्तर : (ड) घृत
(3) 'मेरी वेश-भूषा ही इस बात का परिचय देती है कि मैं यहाँ का निवासी नहीं हूँ ।' – यह वाक्य कौन किससे कहता है ?
उत्तर : (ब) दन्तुल कालिदास से
(4) उज्जयिनी की राज्यसभा का प्रत्येक व्यक्ति कालिदास को किसलिए जानता है ?
उत्तर : (अ) 'ऋतुसंहार' के लिए
2. निम्नलिखित प्रश्नों के एक-एक वाक्य में उत्तर लिखिए :
(1) कालिदास कौन थे ?
उत्तर : कालिदास 'ऋतुसंहार' के लेखक, संस्कृत के महान कवि थे ।
(2) हरिणशावक किसके बाणों से घायल हुआ था ?
उत्तर : हरिणशावक राजपुरुष दन्तुल के बाण से घायल हुआ था ।
(3) कालिदास हिरण को कहाँ ले गये ?
उत्तर : कालिदास हिरण को अपने घर ले गए ।
(4) अंत में दन्तुल ने कालिदास को कैसे पहचाना ?
उत्तर : मल्लिका ने उनका नाम कालिदास बताया, तब दन्तुल ने पहचाना कि वे 'ऋतुसंहार' के लेखक कवि कालिदास हैं ।
3. निम्नलिखित प्रश्नों के दो-तीन वाक्यों में उत्तर लिखिए :
(1) माँ के रुष्ट होने के पीछे मल्लिका क्या अनुमान करती है ?
उत्तर : मल्लिका अनुमान करती है कि माँ को पता चल गया है कि वर्षा में वह कालिदास के साथ थी, नहीं तो इस तरह भीगकर न आती । माँ को अपवाद (निंदा) की बहुत चिंता रहती है, इसलिए वह रुष्ट है ।
(2) दन्तुल कौन था ? वह मल्लिका के घर कैसे पहुँचा ?
उत्तर : दन्तुल उज्जयिनी का एक राजपुरुष था । उसके बाण से घायल हरिणशावक के रक्त-बिन्दुओं के चिह्न द्वार तक बने थे, उन्हीं का अनुसरण करते हुए वह मल्लिका के घर पहुँचा ।
(3) मल्लिका ने दन्तुल को हरिणशावक के लिए हठ न करने के लिए क्यों कहा ?
उत्तर : मल्लिका जानती थी कि दन्तुल के लिए हरिणशावक अधिकार का प्रश्न है, जबकि कालिदास के लिए संवेदना का । कालिदास निःशस्त्र होते हुए भी उसके शस्त्र से नहीं डरेंगे, इसलिए उसने दन्तुल को हठ न करने के लिए कहा ।
(4) कालिदास दन्तुल को अपराधी न मानने के लिए क्या तर्क देता है ?
उत्तर : कालिदास कहते हैं कि इस प्रदेश में हरिणों का आखेट नहीं होता । दन्तुल बाहर से आया है और यह नियम नहीं जानता, इसलिए इतना ही पर्याप्त है कि वे उसे अपराधी न मानें ।
(5) उज्जयिनी की राजसभा कवि कालिदास का सम्मान किस तरह करना चाहती है ?
उत्तर : सम्राट ने स्वयं 'ऋतुसंहार' पढ़कर उसकी प्रशंसा की है । इसलिए उज्जयिनी का राज्य कालिदास को राजकवि का सम्मान देना चाहता है और इसी उद्देश्य से आचार्य वररुचि वहाँ आए हैं ।
4. निम्नलिखित प्रश्नों के चार-पाँच वाक्यों में उत्तर लिखिए :
(1) घायल हरिणशावक को बचाने के लिए कालिदास ने क्या-क्या किया ?
उत्तर : कालिदास घायल हरिणशावक को बाँहों में उठाकर मल्लिका के घर ले आए । वे उसे प्यार से पुचकारते और थपथपाते रहे, ताकि उसकी पीड़ा कम हो । उन्होंने मल्लिका से दूध मँगवाकर उसे पिलाया । दन्तुल ने उसे माँगा तो उन्होंने देने से इनकार कर दिया और अपनी बाँहों का आस्तरण देकर उसे अपने घर ले गए ।
(2) कालिदास हरिणशावक को क्यों बचाना चाहते थे ?
उत्तर : कालिदास के मन में प्राणियों के प्रति अपार प्रेम और करुणा थी । उनका मानना था कि यदि एक बाण प्राण ले सकता है तो कोमल स्पर्श प्राण दे भी सकता है । वे उस पार्वत्य-भूमि के निवासी थे और हरिणशावक को अपना सजातीय मानते थे । इसलिए जीवदया की भावना से वे उसे बचाना चाहते थे ।
(3) हरिणशावक के लिए कालिदास और दन्तुल के बीच में हुए संवाद को अपने शब्दों में लिखिए ।
उत्तर : दन्तुल ने व्यंग्य से पूछा कि क्या दूध पिलाकर इसके मांस को कोमल बनाना चाहते हो । कालिदास ने पूछा कि अपरिचित घर में आने का साहस कैसे हुआ । दन्तुल ने कहा कि हरिणशावक उसके बाण से आहत है, इसलिए उसकी संपत्ति है । कालिदास ने उत्तर दिया कि इस प्रदेश में हरिणों का आखेट नहीं होता और यह हरिणशावक इस पार्वत्य-भूमि की संपत्ति है, वे इसके सजातीय हैं, इसलिए वे इसे नहीं सौंपेंगे । इसके बाद कालिदास उसे लेकर चले गए ।
5. आशय स्पष्ट कीजिए :
(1) तुम्हारे लिए प्रश्न अधिकार का है, उनके लिए संवेदना का ।
उत्तर : मल्लिका दन्तुल से कहती है कि वह हरिणशावक को अपने बाण से घायल होने के कारण अपनी संपत्ति मानकर अधिकार जता रहा है, जबकि कालिदास के लिए यह प्रश्न एक घायल प्राणी के प्रति दया और संवेदना का है । संवेदना अधिकार से ऊपर है ।
(2) यह हरिणशावक पार्वत्य-भूमि की संपत्ति है, राजपुरुष और इसी पार्वत्य-भूमि के निवासी हम इसके सजातीय हैं ।
उत्तर : कालिदास कहते हैं कि यह हरिणशावक किसी व्यक्ति की नहीं, इस पर्वतीय भूमि की संपत्ति है । हम भी इसी भूमि के निवासी हैं, इसलिए हम इसके अपने (सजातीय) हैं और इसकी रक्षा करना हमारा कर्तव्य है ।
6. शब्द का अर्थ बताकर वाक्य में प्रयोग कीजिए :
| शब्द | अर्थ | वाक्य-प्रयोग |
|---|---|---|
| आस्तरण | बिछौना | कालिदास ने अपनी बाँहों को ही हरिणशावक का आस्तरण बना लिया । |
| रुष्ट | नाराज़ | देर से घर आने पर माँ रुष्ट हो गई । |
| दूर्वा | दूब घास | हिरण कोमल दूर्वा खा रहा था । |
| आखेट | शिकार | राजा जंगल में आखेट के लिए गए । |
7. विशेषण बनाइए :
शरीर – शारीरिक; गाँव – ग्रामीण; प्रदेश – प्रादेशिक; दिन – दैनिक; पीड़ा – पीड़ित
8. भाववाचक संज्ञा बनाइए :
कोमल – कोमलता; बहुत – बहुतायत; रुष्ट – रोष (रुष्टता)
9. दो-दो समानार्थी शब्द लिखिए :
लहू – रक्त, खून; हरिण – मृग, हिरन; ऋतु – मौसम, मौसम-काल; दूध – दुग्ध, पय
10. सविग्रह समास भेद बताइए :
| समस्तपद | विग्रह | समास |
|---|---|---|
| अनुसरण | सरण (चलने) के अनुसार | अव्ययीभाव समास |
| हरिण शावक | हरिण का शावक | तत्पुरुष (संबंध) समास |
| प्रतिदिन | हर दिन | अव्ययीभाव समास |
| निःशस्त्र | शस्त्र से रहित | अव्ययीभाव (बहुव्रीहि) समास |
✦ योग्यता-विस्तार एवं शिक्षक-प्रवृत्ति ✦
'जीवदया' पर निबंध : संसार के सभी प्राणियों के प्रति दया और करुणा का भाव जीवदया है । पशु-पक्षी प्रकृति के संतुलन को बनाए रखते हैं और मनुष्य के सच्चे मित्र हैं । भगवान महावीर, बुद्ध और गांधीजी ने अहिंसा और जीवदया का संदेश दिया । हमें घायल पशु-पक्षियों की सेवा करनी चाहिए, उन्हें दाना-पानी देना चाहिए और शिकार का विरोध करना चाहिए । उत्तरायण में पतंग की डोर से घायल पक्षियों के लिए करुणा अभियान इसका सुंदर उदाहरण है । 'जीओ और जीने दो' यही जीवदया का मूल मंत्र है ।
इस नाट्यांश का वर्गखंड में मंचन कीजिए (पात्र : कालिदास, मल्लिका, अम्बिका, दन्तुल) ।
कालिदास के नाटक 'अभिज्ञानशाकुन्तलम्', 'मालविकाग्निमित्रम्' और 'विक्रमोर्वशीयम्' की जानकारी शिक्षक से प्राप्त कीजिए ।
Comments
Post a Comment